इन दिनों अर्बन फार्मिंग और हाइड्रोपोनिक्स शब्दावली कई नई और ध्यान खींचने वाली सक्सेज स्टोरी का हिस्सा है। क्योंकि आज के जमाने मंे अर्बन फार्मिंग अब सिर्फ शौक भर नहीं है बल्कि तेजी से उभरता हुआ प्रोफेशनल कॅरियर बन चुका है। शहरों में बढ़ती आबादी, महंगे होते आॅर्गनिक फूड और हेल्थ अवेयरनेस ने इस क्षेत्र को अगले चार-पांच सालों में एक बेहद लोकप्रिय कॅरियर के रूप में स्थापित कर देगा, इसकी गारंटी है। क्योंकि जिस तरह से शहरों में आॅर्गनिक फूड की मांग बढ़ रही है, उससे हर साल सैकड़ों पढ़े-लिखे साइंस बैकग्राउंड के युवा अपनी लगी-लगायी बड़े पैकेज की नौकरियां छोड़कर इस तरफ न सिर्फ आकर्षित हो रहे हैं बल्कि उनकी कामयाबी की दर भी चैंका रही है।
हाइड्रोपोनिक्स है क्या?
सवाल है अर्बन फार्मिंग और हाइड्रोपोनिक्स हैं क्या? दरअसल शहरों में छतों, बालकनी या खाली जगहों पर खेती करने का जो तेजी से चलन विकसित हुआ है, वो अर्बन खेती का चलन है और इसी में जब खेती बिना मिट्टी और पानी तथा न्यूट्रिएंट सैल्यूशन के जरिये की जाती है, तो इसे हाइड्रोपोनिक्स कहते हैं। हाइड्रोपोनिक के जरिये आप लेट्स, पालक, टमाटर, स्ट्राॅरबेरी, माइक्रोग्रीन्स जैसी हाई वैल्यू फसलें उगा सकते हैं। इसके लिए आपको अपना एक स्टार्टअप शुरु करना होगा यानी खुद का फाॅर्म लगाकर सब्जियां और सलाद उगाना होगा तथा इन्हें होटल, रेस्टोरेंट या सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने की व्यवस्था करनी होगी। आज की तारीख में हाइड्रोपोनिक स्टार्टअप के जरिये छोटे स्तर पर बहुत आसानी से 30 हजार से 1 लाख रुपये तक की मासिक कमाई की जा रही है और बड़े सेटअप पर 3 से 10 लाख रुपये तक की कमाई संभव है। इसके लिए सबसे पहले आपको इसका प्रशिक्षण लेना होगा। बाद में अगर आप खुद खेती न करें तो अर्बन फार्मिंग कंसलटेंट बनकर भी लोगों को छतों पर खेती करना सिखा सकते हैं और इससे भी अच्छी खासी मासिक इनकम लगभग 20 हजार से 2 लाख रुपये महीने तक संभव है। इस कमाई का आधार आपको लोगों को सिखाने का तरीका और आपके सिखाये लोगों की सफल खेती पर निर्भर है। क्योंकि फिर इसका प्रचार लोग खुद ब खुद एक दूसरे से करते रहते हैं और आपका दायरा बढ़ता रहता है।
अगर जाॅब करना चाहें
अगर आप अर्बन फार्मिंग या हाइड्रोपोनिक्स में दक्ष हैं, लेकिन खुद का स्टार्टअप नहीं शुरु करना चाहते या इसकी आपके पास व्यवस्था नहीं है तो आप बहुत आसानी एग्रीटेक कंपनियों मंे जाॅब भी कर सकते हैं। आपके लिए कई किस्म की जाॅब के अवसर उपलब्ध हो सकते हैं। जैसे फार्म मैनेजर, बहुत सारी एग्रीटेक कंपनियों को फार्म मैनेजर की जरूरत होती है और कंपनी के प्रोफाइल के मुताबिक आपको 6 लाख से लेकर 12 लाख रुपये तक का सालाना पैकेज मिल सकता है। आप तकनीकी एक्सपर्ट की तरह भी कंपनियों से जुड़ सकते हैं और 4 से 7 लाख रुपये का सालाना पैकेज भी आसानी हासिल कर सकते हैं। जैसे-जैसे आपका अनुभव बढ़ेगा, आपका पैकेज भी बढ़ता रहेगा। एग्रीटेक कंपनियों मंे आप आॅपरेशन मैनेजर के रूप में भी जाॅब पा सकते हैं और बहुत आसानी से 5 से 8 लाख रुपये का सालाना पैकेज हासिल कर सकते हैं। जो महत्वपूर्ण कंपनियां इस क्षेत्र में आपको जाॅब देती हैं, उनमें- अर्बन माली, फ्यूचर फार्म और लेटसेट्रा एग्रीटेक जैसी कंपनियां हैं।
अर्बन फार्मिंग के लिए क्या सीखना जरूरी है?
सबसे पहले इसके लिए बेसिक स्किल्स सीखना जरूरी है जैसे प्लांट साइंस यानी पौधों की ग्रोथ कैसे होती है, उनका न्यूट्रिएंट मैनेजमेंट क्या होता है? पीएच और ईसी कैसे कंट्रोल किया जाता है? इसके अलावा लाइट और तापमान का मैनेजमेंट सीखना भी जरूरी होता है। इस सबके साथ हाइड्रोपोनिक्स सिस्टम (एनएफटी, डीडब्ल्यूसी, वर्टिकल) पाइपिंग, पंप और वाटर फ्लो, बेसिक आॅटोमेशन जैसी टेक्निकल स्किल भी इस क्षेत्र में कामयाबी के लिए सीखना जरूरी हैं। जहां तक इस संबंध में प्रशिक्षण की बात है, तो आप आॅनलाइन कोर्स भी कर सकते हैं। यू-ट्यूब और यूडेमी के जरिये ऐसे कोर्स संभव हैं। हर बड़े शहर में आजकल हाइड्रोपोनिक से संबंधित बहुत सारे इंस्टीट्यूट एक से तीन महीने के सर्टिफिकेट प्रोग्राम कराते हैं या किसी फार्म में इंटर्नशिप के जरिये भी ये किया जा सकता है। खुद का सेटअप तैयार करने के लिए आपके पास 100 से 1000 स्क्वाॅयर फिट की छत या कमरा होना चाहिए। इसके लिए जरूरी उपकरण है- ग्रो ट्रे, पाइप सिस्टम, वाटर पंप, न्यूट्रिएंट सैल्यूशन, इंडोर खेती के लिए एलईडी, ग्रो लाइट, पीएच और ईसी मीटर। जहां तक शुरुआती लागत का सवाल है तो एक छोटे सेटअप में 50 हजार से 2 लाख रुपये की लागत आती है और मध्यम दर्जे के सेटअप में 3 से 10 लाख रुपये की लागत आती है। काॅमर्शियल सेटअप के लिए 15 लाख रुपये से ज्यादा की पूंजी चाहिए होती है।
मार्केट और डिमांड
आजकल मार्केट मंे सबसे ज्यादा 7 से 10 दिनों में उगने वाली हाई न्यूट्रिशन फसल की मांग है। एक छोटे स्पेस में भी अगर माइक्रोग्रीन्स बिजनेस शुरु किया जाए, तो बड़े आराम से 50 हजार से 2 लाख रुपये की कमाई की जा सकती है। आजकल माइक्रोग्रीन्स न्यूट्रिशन फसलों की मांग सबसे ज्यादा हेल्थ कांशिएस रेस्टोरेंट और जिम में है। आॅर्गनिक और केमिकल फ्री सब्जियों की मांग जिस तरह तेजी से बढ़ रही है, उसके चलते बड़े शहरों जैसे- मुंबई, बंग्लुरु, हैदराबाद और पुणे में इनका प्रीमियम मार्केट उपलब्ध है। होटल, कैफे, जिम और हेल्थ स्टोर इसके नियमित ग्राहक हैं। साल 2024-25 में एग्रीटेक सेक्टर ने 20 प्रतिशत सालाना दर की वृद्धि हासिल की थी और अनुमान है कि अगले कई सालों तक इस दर से कम वृद्धि नहीं होगी बल्कि ज्यादा ही होगी। आजकल कई हाइड्रोपोनिक्स ट्रेंड प्रोफेशनल यू-ट्यूब चैनल, वर्कशाॅप, आॅनलाइन ट्रेनिंग के जरिये भी हर महीने 50 हजार से 2 लाख रुपये तक की कमाई करते हैं।
अगर सही ट्रेनिंग, मेहनत और उत्साह से आप हाइड्रोपोनिक्स का कॅरियर अपनाते हैं, तो कम स्पेस में भी एक बड़ा बिजनेस खड़ा कर सकते हैं। हेल्थ, पर्यावरण और कमाई तीनों इस क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। अगर आप बहुत छोटे से स्तर से भी शुरु करें, तो 50 हजार से 1 लाख रुपये महीना आसानी से कमा सकते हैं।